सियासी मज़हब व मज़हबी सियासत-- जगदीश बाली

कोरोना वायरस आज पूरे विश्व में मनुष्य के विनाश पर तुला है
और संपूर्ण मानव जाति मौत की देहलीज़ पर खड़ी हैं। परंतु हमारे देश के सियासी व मज़हबी हल्कों में तू-तू, मैं-मैं की जुगलबंदी गज़ब चल रही है। इस विकट काल में जहां पूरा शासन, प्रशसन व लोग दावानल की तरह फ़ैलती कोरोना की महामारी के विरुद्ध जुगत लगा रहे हैं, वहीं हमारे देश में तबलीगी ज़मात को ले कर मुबाहिसा व तकरार जारी है। मज़हबी लोग सियासी बातें कर रहे हैं और मज़हब पर सियासत करने वाले भी माहौल को गर्म ही रखना चाह्ते हैं। उन्हें तो जैसे कमान में एक नया तीर मिल गया है, जिसे वे अपने सियासी अंदाज़ में अपने फ़ायदे के लिए मनमाफ़िक चला सकते हैं। चले या न चले, परंतु इन सियासी व मज़हबी शूरों ने अपने मयान व कमान से तीर और तलवार निकाल ज़रूर रखे हैं। देश के इस सियासी मंज़र को देखकर मुझे किसी शायर की ये लाइने याद आ रही हैं, "जिसको अब भी हो सियासत पे यकीन, उसको ये मुल्क दिखाया जाए।" मज़हब वाले सही और गलत, दोजख और पाकीज़ा की बात छोड़कर अपनी तकरीरों व ज़िरह से खुद को खुदा और इंसानियत के सबसे बड़े नुमाइंदे व किरदार साबित करने में लगे हैं। इस बहसी शोरगुल में ऐसा लगता है कि मज़हब भी सियासी हो गया है और सियासत तो मज़हब का इस्तेमाल करती आ ही रही है।
वैसे इस बात को समझने के लिए सामान्य बुद्धि ही काफ़ी है कि कोरोना किसी को भी हो सकता है। वो किसी को ग्रसित करने से पहले उसका परिचय नहीं पूछता, उसकी जात, जमात, बिरादरी, मजहब नहीं पूछता। न ही वह किसी खुदा या ईश्वर के आदेश पर किसी खास लोगों को चुनता है। वह किसी के दर पर दस्तक नहीं देता। उसे तो इंसान चाहिए जिसे वो दबे पांव ग्रस लेता है। परंतु हाल ही में तबलीगी ज़मात के लोगों के कोरोना कॉनैक्शन के विषय में कई बातें समझना बहुत ज़रूरी है। कोरोना हो जाना सामान्य बात हो सकती है, परंतु स्ररकारी आदेशों की अवहेलना करके लोगों को किसी स्थल पर इकट्ठे करना कोरोना जैसी महामारी को दावत देना ही है। अनायास या अनजाने में कोरोना से ग्रसित हो जाना अलग बात है, मगर डॉक्टरों की सलाह न मान कर मस्ज़िद में बने रहने के लिए कहा जाए तो मामला संगीन हो जाता है। कोरोना होने पर जांच या इलाज के लिए आगे आना वांछनीय व सामान्य बात है, मगर कोरोना होने पर छुप जाना और लुका-छुपी खेल कर देश की विभिन्न जगहों पर जाना बिल्कुल अवांछनीय कृत्य है। कोरोना महामारी के समय किसी धर्मगुरु या मौलवी का मरकज़ में जमात के लोगों को ये संदेश देना कि कोरोना से अल्ला बचाएगा और मस्ज़िद मरने की सबसे बेहतरीन जगह है और खुद अदृश्य हो जाना कतई भी सही नहीं ठहराया जा सकता। कोरोना काल खंड में मज़हब का ये स्याह चेहरा देख कर कहा जा सकता है, "हर एक दौर का मज़हब नया खुदा लाया, करें तो हम भी मगर किस खुदा की बात करें।"
ये बात सोलह आने सही है कि कुछ तबलीगी लोगों के गलत कारनामों की वजह से पूरे मुस्लिम धर्म को बदनाम या इंगित नहीं किया जा सकता। मैं भी इंगित नहीं कर रहा हूं। परंतु यह भी उतना ही गलत है कि कुछ लोगों की गलत करतूतों को इसलिए नज़रअंदाज किया जाए क्योंकि वे किसी अमूक ज़मात से संबंध रखते हैं। इस तरह का अंदाज़-ए-नज़र सही नहीं और काबिल-ए-मुज्जमत है।
यदि निज़ामुद्दीन या चांदनी महल की मस्ज़िदों से तबलीगी कोरोना पोज़िटिव निकलेंगे, तो यही कहा जाएगा कि तबलीगी जमात के कुछ या इतने लोग कोरोना पोज़िटिव निकले। अगर किसी मंदिर से हिंदु कोरोना पोज़िटिव निकलेंगे, तो यही कहा जाएगा कि अमूक मंदिर से कुछ पुजारी या हिंदू कोरोना पॊज़िटिव निकले। इसमें किसी धर्म, समुदाय या जमात को निशाना बनाने या बदनाम करने वाली बात कहां से आ जाती है। वास्तव में कोई ज़मात, धर्म या समुदाय तभी बदनाम होता है जब उन समुदायों के महनीय लोग भी अपने समुदाय के कुछ लोगों की काली करतूतों की मुज्जमत करने के बजाय उन करतूतों पर पर्दा डालने या नज़र अंदाज़ करने की कोशिश करते है। कोरोना से जूझ रहे मैडिकल स्टाफ़ के साथ बदसलूकी, यहां-वहां, जहां-तहां थूकना किस धर्म के लोग उचित ठहरा सकते हैं। हो सकता है इन बातों में कुछ फ़साने भी हो, पर सब के सब फ़साने नहीं हैं। फ़साने के बहाने सच्चाई को छुपाया नहीं जा सकता। ऐसे लोगों को बचाने की बजाय जमात को इन्हें कटघरे में खड़ा कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग करनी चाहिए। यदि जमात ऐसे लोगों कि खींचाई करने के बजाय सरकार की खामिया निकालने में ज़्यादा दिलचस्पी दिखाएगी, तो उस जमात का बदनाम होना स्वत: ही तय है।
इसी तरह हाल ही में कुछ निहंग लोगों के द्वारा कोरोना कर्फ़्यू के दौरान पुलिस पर हमले के कारण पूरे निहंग समाज या सिख समुदाय को कटघरे में खड़ा नहीं किया जा सकता। परंतु यदि ये समुदाय हमलावरों की तरफ़दारी या बचाव में खड़े होंगे तो इनका बदनाम होना तय है। संतोष व खुशी की बात है सिख समुदाय के महनीय लोग इस कुकृत्य की सख्त लहज़े में भर्तसना कर रहे हैं और सख्त कार्र्वाई की बात कर रहे हैं। यही धर्म कहता है। सरकार या प्रशासन की कमियां हो सकती हैं, परंतु कोरोना काल में तबलीग के लोगों की गलतियों को नहीं ढांपा जा सकता। लोकतंत्र में नागरिकों का सहयोग व कर्तव्य ऐसी आपदा की घड़ी में और भी महत्वपूर्ण हो जाते हैं। मैं सिर्फ़ तबलीगी जमात के लोगों की गैरजिम्मेदाराना रवैये की बात कर रहा हूं। यहां मुस्लिम धर्म या इस्लाम की बात नहीं हो रही है। बहुत से मुस्लिम आलिम जमात की पुरज़ोर मुज्जमत कर रहे हैं। यदि हिंदुओं का कोई समुदाय आसा राम, राम पाल, राम रहीम जैसे धर्म्गुरुओं के पक्ष में खड़ा होगा, तो उस हिंदू समाज या समुदाय का बदनाम होना अवश्यंभावी है। इन सरीखे लोगों की पैरवी में खड़े हो जाना कहां का धर्म है और किस मज़हब की तालीम है। गलत को गलत नहीं कहिएगा, तो फ़िर क्या कहिएगा। ये पब्लिक इतनी भी नादां नहीं कि इतना भी न समझ पाए।

मुझे तोड़ लेना वनमाली-- जगदीश बाली


Jagdish Bali
एक बार फ़िर वही हुआ जो घाटी में दशकों से होता आया है। एक बहुत बड़ा फ़िदायीन हमला और देश के लगभग 40 जवान शहीद हो गए। जब कभी भी जम्मू-कश्मीर में ये लगने लगता है कि घाटी में अमन कायम होने वाला है, तभी दहशतगर्द ऐसी घटना अंजाम दे जाते हैं कि हर एक सच्चा हिंदोस्तानी सिहर उठता है। कुछ ही समय पहले जब बारामूला को आतंकी रहित ज़िला घोषित किया गया, तो लगा कि नए साल में घाटी की फ़िज़ाओं में अमनोचैन की खुशबू फ़ैलने वाली है। पर अमनोचैन कैसे हो सकता है जब पड़ोसी देश पाकिस्तान हो, उसकी पनाह में नाचने वाले दहशतगर्द हो और दहशतगर्दों को कवर देने वाले पत्थरबाज़ अपने देश में ही मौजूद हो। पुलवामा ज़िले में स्थित अवंतिपोरा इलाके में जिस तरह से जैश-ए-मौहम्मद के विस्फोटक फ़िदायीन हमले में केन्द्रीय रिज़र्व पुलिस के जवानों को उड़ाया गया, वो घाटी में दहशतगर्दों के इरादों को स्पष्ट करता है। सितंबर 2016 में हुए उरी हमले से भी बड़ा व भयानक ये हमला था। इस आत्मघाति विस्फोट के बाद जो मंज़र पसरा था, उसे देखना हर किसी के बस की बात नहीं थी। चारों ओर क्षत-विक्षत पड़े शवों को पहचानना तो दूर, शहीद जवानों के अंगों को ढूंड पाना भी असंभव था। आदिल अहमद डार द्वारा कार्यान्वित यह हमला इस बात की बानगी है कि दहशतगर्दों को अमनोचैन व बात-चीत से कोई सरोकार नहीं। वे तो बस कत्लोगारत व दहशत से जन्नत जाना चाहते हैं। इंसानियत खो चुके ऐसे आतंकियों का सफ़ाया होना चाहिए और उनके पनाहगाह पड़ोसी को भी माकूल सबक सिखाया जाए। उनसे बात-चीत का ढिंढोरा पीटना बंद होना चाहिए। अहम सवाल है आखिर कब तक हमारे देश के जवान यूं ही शहीद होते रहेंगे। आतंकियों के सथ रोज़ मौत से रु-ब-रु होते सैनिकों की बदौलत ही हम देशवासियों को सुरक्षा और अमनोचैन की ज़िंदगी मयस्सर होती है।
ज़रा अंदाज़ा लगाइए घाटी के उस विरोधपूर्ण और तनाव भरे वातावरण व परिस्थितियों की, जिनमें हमारा फ़ौजी काम कर रहा है। ये स्थिति सचमुच किसी भीषण आपदा से कम तो नहीं है। कश्मीर घाटी में एक ओर तो सैनिक पाकिस्तान से आ रहे गोलों का सामना करते हैं और दूसरी ओर उसके द्वारा भेजे गए आतंकवादियों से लोहा लेते हैं। उस पर ये ’पाकिस्तान ज़िंदाबाद’ व ’हिंदोस्तान मुर्दाबाद’ का नारा लगानेवाले पत्थरबाज़ और सियासी चालबाज़। हद तो तब हो जाती है जब सियासी गलियारों से भी ’पाकिस्तान ज़िंदाबाद’ का नारा गूंज उठता उठाता है। दरअसल ये आवाज़ उन लोगों की है जो नमक तो भारत का खाते हैं, परन्तु उनके दिल में सहानुभूति पाकिस्तान के लिए हैं। ऐसी अलगाववादी व हिंदोस्तान विरोधी सोच रखने वालों के लिए अफ़जल गुरू, कसाव, बुराहन अवानी जैसे लोग शहीद ही होंगे और वे मानव अधिकार की आड़ में ऐसे लोगों को बचाने का भरसक प्रयास करते रहेंगे।
 हम चैन की नींद इसलिए सो पाते हैं क्योंकि सीमा पर वहां वो सैनिक खड़ा है। हम इसलिए सुरक्षित हैं क्योंकि वह सैनिक दुश्मन के आ रहे गोलों के सामने चट्टान बन कर ढाल की तरह खड़ा है। पूस की कड़कड़ाती ठंड हो या जेठ की झुलसा देने वाला ताप, वो सैनिक वहां मुस्तैद खड़ा है। हम इसलिए अपने परिवार के साथ आनंदमय और सुखी जीवन का उपभोग कर रहे हैं क्योंकि कोई अपने परिवार, अपनी पत्नी, अपने बच्चों, अपने भाई- बहिन, अपने मां-बाप को छोड़ कर सीमा पर तैनात है। हम इसलिए अपनी छुट्टियों व त्यौहारों की खुशियां मना पाते हैं, क्योंकि वहां देश का वो जवान खड़ा है, जिसके लिए कई बार छुट्टियां भी नसीब नहीं होती और मिलती है, तो कोई पता नहीं कब सीमा पर से बुलावा आ जाए। वह फ़ौजी शिकायत भी नहीं करता। वो तो देश के लिए शहीद होने के लिए तैयार रहता है। वह सिर नहीं झुकाता, बल्कि सिर कटाने के लिए तैयार रहता है और कहता है:
मुझे तोड़ लेना वनमाली उस पथ पर देना तुम फेंक
मातृभूमि पर शीष चढ़ाने जिस पथ जाए वीर अनेक
   आखिर बर्दाश्त की हद होती है। विभिन्न न्यूज चैनल्ज़ पर वीडियो में साफ देखा जा सक्ता है किस तरह से अलगाववादी सैनिकों को लात-घूंसे मारते है, उनसे छीना झपटी की जाती है और उनकी टोपी तक उछाली जाती है। फिर भी सैनिक सहन करते हैं। फिर पत्थरबाज़ उन पर पत्थरों की बरसात करने लग जाते हैं। ये सब देख कर आम देशवासी का तो खून कौलने लगता है। आखिर सैनिक कब तक खामोश रहे और क्यों? पाक परस्त पत्थरबाजों व उनके चालबाज सियासी आकाओं को समझ लेना चाहिए कि उनके नापाक मनसूबे कभी पूरे नहीं होंगे।
 आज सीमा पर जवान रोज़ कुर्बान हो रहे हैं और इसके बावजूद भी सियासत के कई मदारी उनके विरुद्ध ऎफ़.आइ.आर दायर करने की बात करते हैं और पत्थर बाज़ों को आम मुआफ़ी का तोहफ़ा प्रदान करते हैं। वे पाकिस्तान के साथ बातचीत की हिमायत जोर शोर से करते हैं। ऐसा कर वे सैनिक के मनोबल को गिराने का घिनौना प्रयास कर रहे हैं और देश की सुरक्षा को खतरे में डाल रहे हैं। जिन सैनिकों की बदौलत देशवासियों को सुरक्षा और अमनोचैन की ज़िंदगी मयस्सर होती है, उनके विरुद्ध प्राथमिकि दर्ज़ कर उनके मनोबल को नहीं गिराया जाता, बल्कि उनकी वतन परस्ती के ज़ज़्बे के आगे सिर झुकाया जाता है। भूलना नहीं चाहिए कि जब जवान आक्रोष में आता है, तो वह ऐसे शक्तियों को छिन्न-भिन्न कर देता है।
 वक्त आ गया है कि आतंकियो और उन्हें सहायता देने वाले पत्थरबाज़ों के साथ शून्य सहनशीलता की नीति को अपनाया जाए क्योंकि ये  न प्रेम की भाषा जानते हैं न मोहब्बत के गुलाब। राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर ने उचित ही कहा है:
छीनता हो स्वत्व कोई, और तू त्याग-तप से काम ले यह पाप है
पुण्य है विछिन्न कर देना उसे बढ़ रहा तेरी तरफ जो हाथ है
 आज देश के हर फौजी से सच्चा देशवासी कह रहा है – फौजी! तुम्हारे कारण ये देश जिंदाबाद है। इसलिए तुम हमेशा ज़िंदाबाद हो और तुम्हें ये देश जय हिंद कहता है।

इन दरिंदों को सरेआम सज़ा-ए-मौत दे दो मी लॉर्ड


जगदीश बाली
9418009808
....

 आज से लगभग पांच वर्ष पहले 23वर्षीय निर्भया से सामूहिक दुष्कर्म और उसकी लोमहर्षक हत्या से दिल्ली ही नहीं, बल्कि पूरा देश दहल उठा था और मोमबत्तियां जलाते हुए लोग आंदोलन के रूप में सड़कों पर उतर आए थे। इसी तरह हिमाचल प्रदेश के कोटखाई में स्कूल की एक छात्रा के साथ पिछले वर्ष ऐसा ही दिल दहला देने वाला सामूहिक दुराचार और हत्या का मामला सामने आया। उस समय भी लोग सड़कों पर उतर आए थे। इन दो घटनाओं को याद कर अब ज़रा कल्पना कीजिए - आठ माह की बच्ची की, उसके मासूम चेहरे की, उसकी किलकारियों की और उसकी मुस्कुराहट की। क्या आप इस मासूम फूल सी बच्ची के बालात्कार की घटना के बारे में सोच भी सकते हैं? परन्तु जो कुछ हो रहा है वो यही ब्यां करता है कि मालूम नहीं इंसान कितने नीचे गिर सकता है!  ये समझ से परे है कि इंसान के रूप में दरिंदे हैवानियत की किस हद तक पहुंच सकते हैं। 
 मैं बात कर रहा हूं चंद रोज़ पहले की उस घटना की जिसकी खबर सुनकर पूरा देश एक बार फिर सकते में आ गया और इंसानियत एक बार फिर खून के आंसू रोई। हमारे देश की राजधानी व भारत का दिल, दिल्ली ये सुनकर दहल उठी कि यहां की शकूरबस्ती क्षेत्र में आठ महीने की मासूम बच्ची के साथ बर्बरता पूर्ण दुष्कर्म किया गया है। ये सुन कर रौंगटे खड़े हो गए और शरीर का रोम रोम थर्रा उठा कि इस वहशियाना दुष्कर्म को अंजाम देने वाला कोई और नहीं बल्कि उस बच्ची के ताऊ का सताईस वर्षीय बेटा है। इस खबर के बारे में जब सुना तो कानों पर भरोसा न हुआ, इस खबर को जब पढ़ा तो आंखो पर भी शक होने लगा। जब न्यूज़ चैनल्ज़ पर देखा, तो विश्वास करना ही पड़ा। इस खबर ने दिल को अंदर तक दहला दिया, मन और मस्तिष्क विचलित हो उठे। तीन घंटे के ऑपरेशन के दौरान अस्पताल के आई.सी.यू.से असहनीय और अनहद दर्द से जूझती असहाय बच्ची की चीखों का एहसास ज़रा सी इंसानी भावना रखने वाला कोई भी इंसान सहज़ ही कर सकता है। उस बच्ची की पीड़ा के बारे में सोचते-सोचते मेरा ध्यान खुशी से उछलती कूदती अपनी बेटी की ओर गया। कहीं इसके साथ भी कभी ऐसा हो गया...। ज़रा सोचिए - आठ महीने की बेटी के साथ ऐसा बर्बरतापूर्ण दुष्कर्म! फिर सोचिए अगर ऐसा आपकी बेटी के साथ हो!  या खुदा... 
 चंडीगढ़ की उस 10 वर्षीय बच्ची के बारे में भी सोचिए जिसे उसके ही चाचा के दुराचार ने मां बना दिया और इस मासूम को पता भी नहीं उसके साथ क्या हुआ है और मां बनना क्या होता है। खिलौनों से खेलने वाली10 वर्षीय मासूम बच्ची क्या जानें उसके साथ क्या हुआ है। ऐसी दरिंदगी देख क्या आपका मन ये चीख-चीख कर नहीं कहता - इन दरिंदों को सरेआम चौराहे पर सज़ा-ए-मौत दे दो माई लॉर्ड... ? 
  सितंबर 2016 में दिल्ली में ही एक मज़दूर ने 11 महीने की बच्ची से दुराचार किया और उसे मरा हुआ समझ कर झाड़ियों में छोड़ दिया। कुछ समय पहले हरियाणा के पानीपत क्षेत्र में 11 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म किया गया, उसका गला घोंट दिया गया और दरिंदे यहां भी नहीं रुके और गला घौंटने के बाद भी दुष्कर्म करते रहे। हरियाणा के ही ज़िंद में 15 वर्षीय बालिका के साथ दुष्कर्म करने के बाद बेरहमी से मार दिया गया।  पिछले वर्ष पश्चिम बंगाल के माल्दा ज़िले के एक गांव में 9 वर्षीय मासूम से लगातार तीन दिन तक दुराचार किया गया और फिर उसे एक सुनसान इमारत में लटका दिया गया। इसी राज्य में कुछ महीने पहले एक दरिंदे ने 13 वर्षीय बालिका को दुष्कर्म करने के बाद मार दिया। देश की राजधानी दिल्ली में एक 60 वर्षीय ने दो नाबालिग बच्चियों के साथ दुष्कर्म किया और उन्हें 5 रूपए देकर घटना के बारे में किसी से बात ना करने को कहा। ये वो मामले हैं जिनमें नबालिग बच्चियां दरिंदगी का शिकार हुई है। इसके अलावा महिलाओं से बलात्कार के मामले तो और भी अधिक है।
 निर्भया दुराचार मामले को पांच साल से अधिक हो गए हैं। उस समय इस अपराध के लिए उठी आम जन की आवज़ से लगा था कि शायद तसवीर बदलेगी और सख्त कानून बनेगा, परन्तु बलात्कार की घटनाएं बढ़ती ही जा रही हैं। कानून कह रहा है कि सब कुछ कानून के अनुसार होगा। बीते पांच वर्षों पर नज़र दौड़ाई जाए, तो बलात्कार के मामलों में भारी वृद्धि हो रही है। देश के तमाम कोनों से आए दिन सामूहिक बलात्कार की खबरें आती ही रहती हैं। शायद ही कोई ऐसा दिन नहीं गुजरता हो, जब किसी महिला के साथ दुष्कर्म की खबर ना आती हो। नैश्नल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो (एन.सी.आर.बी.) के अनुसार 2015 में देश भर में बलात्कार के 34000 से ज्यादा मामले सामने आए, जबकि 2016 में 34600 मामले दर्ज़ किए गए। 2015 में 10854 मामले बालदुराचार के दर्ज़ किए गए जो बढ़ कर 2016 में 19765 तक पहुंच गए अर्थात 82 प्रतिशत की सैलाना वृद्धि। ये आंकड़े एक अंधेरी और भयावह तस्वीर पेश करते हैं। हमारे देश की राजधानी दिल्ली तो महिलाओं की सुरक्षा की दृष्टि से खतरनाक होती जा रही है। थॉम्पसन रॉयटर्स फॉउंडेशन ने जून-जुलाई 2017 के बीच दुनिया के 19 महानगरों में एक सर्वे कराया जिसमें सामने आया है कि दिल्ली महिलाओं के लिए दुनिया का सबसे खतरनाक महानगर है। 
 चंद कामयाब महिलाओं की उपलब्धियों को गिना कर हम बाकी बहू-बेटियों की दुर्दशा पर पर्दा डालकर सच्चाई से नहीं भाग सकते। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ - ये नारा तो अच्छा है, परन्तु क्या हम बेटियों को महफ़ूज़ रख पा रहे हैं? अगर बेटियां महफ़ूज़ ही नहीं, तो फिर पढ़ाएंगे किसे? खैर ज़िम्मेदारी केवल सरकार की नहीं बल्कि ज़िम्मेदारी हमारी, आपकी और समाज की भी बनती है। आज किसी और की बेटी दरिंदगी का शिकार हुई है, कल मेरी और आपकी बेटी भी तो हो सकती है। इसलिए ऐसे दरिंदों का समाजिक बहिषकार कीजिए। इन्हें पकड़वाने में कानून का साथ दीजिए। और हां, ये दरिंदे बहुतायत आपके आस-पास हो सकते हैं। एन.सी.आर.बी ने खुलासा किया है कि  2015 की जानकारी के अनुसार 95 प्रतिशत बलात्कार जान पहचान वालों ने किए। इनमे से 27 प्रतिशत पड़ोसियों ने और 9 प्रतिशत परिवार के नज़दीकि सदस्य या रिश्तेदारों ने किए। इसलिए चौकन्ने रहिए। कहीं कोई दरिंदा अपके आस-पास आपकी बहू बेटियों पर बुरी नज़र तो नहीं रख रहा । हो सकता है वह घिनौनी हरकत करने की फिराक में हो। हर बेटी के मां-बाप को चौकन्ने रहने की सलाह दूंगा। समाज के पढ़े-लिखे ज़िम्मेदार लोगों को बाल दुराचार के विरुद्ध मशालें उठा कर एक जन अंदोलन करना चाहिए। सरकारों पर निर्भर मत रहिए। सरकारें तो आती-जाती रहेंगी, मगर आपकी बेटी की मासूमियत, अस्मत और स्वाभिमान पर लगे वो धब्बे शायद कभी न मिटे।   
हमें नहीं मालूम कानून की दलील क्या है, मगर एक बेटी के मां-बाप की तो यही इल्तज़ा है - इन दरिंदों को सरेआम सज़ा-ए-मौत दे दो माई लॉर्ड...

भाषा में फूहड़ता

कुछ रोज़ पहले रोज़ाना की तरह टहल रहा था | टहलते टहलते एक खुले मैदान के पास से गुज़रना हुआ| वहां कुछ बच्चे खेल रहे थे |  तभी एक छोटा सा बच्चा अपनी बहिन के साथ झगड़ रहा था | बचे की उम्र कोई छः साल और उसकी बहिन की उम्र तकरीबन आठ साल प्रतीत हो रही थी | झगड़ते  झगड़ते अचानक बच्चे ने अपनी बहिन को धक्का दिया और बोला - 'साली मा... लौ... | ' बाच्ची तो गिरते गिरते बची|, पर मैं उस नन्हें से बालक के मुंह से इन शब्दों को सुन कर मैं हक्का बक्का रह गया |  मैंने बच्चे को डांटते हुए कहा -'गंदी बात करता है| ऐसा भी कोई बोलता है क्या?' बच्चा वहां से भागता हुआ बोला : 'जब पापा मम्मी से लड़ते हैं, तो मम्मी को ऐसा ही बोलते हैं|'  ज़ाहिर है बच्चे ने ये भाषा अपने घर मेम ही सीखी होगी | इसमें बच्चे का दोष नहीं क्योकिं जन्म लेते ही वो भाषा ले कर तो नहीं आया न?
अकसर  बच्चे बड़ों के द्वारा इस्तेमाल की गयी भाषा को बड़ी जल्दी  अपना लेते हैं| दरअसल हमारी रोज़ाना की भाषा में फूहड़पन और अभद्रता आ गयी है| पैंट कोट टाई  पहने हुए दो जेंटलमैन यार जब मिलते हैं तो उनके सम्बोधन मैं भी भाषा का बिगड़ा हुआ मिज़ाज़ झलकता है| एक कहता है -'और भई माँ... | दूसरा जवाब यूँ  देता है-'ठीक है भई पैं ... |' आत्मीयता मेँ वे भूल जाते हैं की उनके आस पास भी दुनिया बसती है | अगर निकट कोई बच्चा हो तो समझ लीजिए ये शब्द तो जुकाम  की तरह एक बच्चे से सुसरे को और फिर पता नहीं कहां कहा तक पहुंच जाऐंगे|
इस तरह की भाषा से आप विद्यालयों मेँ भी रु बू रु हो सकते हैं| मज़े की बात ये है कि छात्र ताबड़तोड़ इन
एक्सपलेटिवज़ का इस्तेमाल करते हैं| भाषा का ज्ञान न होना अलग बात है, परन्तु फूहड़ और अभद्र भाषा का नियमित तौर पर इस्तेमाल समाज में बढ़  रहे छिछोरेपन व विकृत  मानसिकता को दर्शाता है| जेम्ज़ रोज़ोफ है - 'भाषा की फूहड़ता मदिरा की तरह होता है, जिसका इस्तेमाल एक ख़ास समूह मेँ ख़ास समय पर ही प्रयुक्त की जा सकते है|   


Vulgarity is like a fine wine: it should only be uncorked on a special occasion, and then only shared with the right group of people.” 
― James Rozoff      

भाषा कट्टरवाद छोड़िए

     अकसर हिन्दीवादी देशप्रेमी राष्ट्र भाषा के नाम पर अंग्रेज़ी के विरुद्ध बहुत बड़ा बवाल खड़ा कर देते हैं ! इस तरह की अंग्रेज़ी विरोधी विचारधारा पर मुझे सख्त एतराज़ है जिस में हिन्दी के लिए अंग्रेज़ी को कोसा जाए ! यह कह कर मेरा मकसद कोई विवाद खड़ा करना नहीं क्योंकि मुझे तो इस बात पर भी ऎतराज़ है कि अंग्रेज़ी को हिन्दी की बली चढ़ा कर तरजीह दी जाए ! यह भी कतई न माना जाए कि मैं देशद्रोही हूं और न ही मैं यह मानने को तैयार हूं हिन्दीवाले मुझ से ज़्यादा देशभक्त हैं ! अंग्रेज़ी का प्रयोग कर भी मैं उतना ही हिन्दुस्तानी हूं जितना हिन्दी का प्रयोग कर ! वास्तव में दोनों ही भाषाएं मुझे अज़ीज़ है ! ये दो ही क्यों ? मैं इस बात में खुशी मह्सूस करूंगा कि मुझे अधिक से अधिक भषाओं का बोध हो और मैं इन भषाओं को बोल और लिख सकूं ! सभी भषाओं को समान दॄष्टि व सम्मान से देखना एक दिलेर संस्कृति की द्योतक है ! ये कहने की आवश्यकता नहीं है कि अगर हिन्दी हमारी राष्ट्र भाषा है तो अन्ग्रेज़ी एक वैश्विक भाषा ! 

जहां तक भाषा के पढ़ने-पढ़ाने की बात है् तो निःसंदेह हिन्दी का दर्ज़ा अंग्रेज़ी से पहले आना ही चाहिए क्योंकि हिन्दी भाषा किसी अन्य भाषा के मुकाबले हमरी संस्कृति को बेहतर ढंग से व्यक्त करती है ! इस दृष्टि से यह हमें जोड़े रखने में अहम भूमिका अदा करती है ! पर इस के मायने ये नहीं कि किसी हिन्दी भाषा की ठेकेदारी ले कर हम दूसरी भाषा को गाली दें ! वास्तव में अगर हिन्दी को विश्व स्तर पर अपना डंका बजाना है तो अंग्रेज़ी इस में अहम भूमिका निभा सकती है ! अतः अंग्रेज़ी को तिरस्कृत नहीं बल्कि परिष्कृत करना चाहिए !
किसी विशेष भाषा को तरजीह देकर, किसी दूसरी को तिरस्कृत करने का विचार एक कुन्द सोच रखने वाला भाषाई कट्टरवादी ही रख सकता है ! हिन्दी को महत्व दिया जाय, मुझे कोई शिकायत नहीं, मगर ये मुझे गंवारा नहीं कि अंग्रेज़ी को तिरस्कृत किया जाय ! हम बेहतर हिन्दी बोलें व लिखें पर इस सब के बाद इस लोकतन्त्र में हर एक व्यक्ति किसी भी भाषा क प्रयोग करने के लिए स्व्तन्त्र है ! 
भूलना नहीं चाहिए कि अंग्रेज़ी सहित्य ने भारत को अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान दिलाया है ! अनीता देसाई, आर के नारायनन, खुशवन्त सिंह, राजा राव अंग्रेज़ी साहित्य में छोटे नाम नहीं हैं ! किरन देसाई की ‘Inheritance of Loss' अर्विंद अडिगा की ‘The White Tiger', आरुन्धती की 'God of Small things'  ऐसी कृतियां है जिनके कारण साहित्य के क्षेत्र में भारत ने अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर अपना झंडा गाड़ा है ! अगर टैगोर की ’गीतांजली’ अंग्रेज़ी में अनुवादित न हुई होती तो नोबेल उन्हें न मिलता !
सृजनात्मक सहित्य से हट कर भी भारतीय लेखकॊं ने अन्य विषय में अंग्रेज़ी को अपनी अभिव्यक्ति का माध्यम बना कर देश का नाम रोशन किया है ! अर्बिंन्दो घोष, नेहरू, गांधी, अमार्तय सेन और अबुल कलाम की पुस्तकें इस बात कि द्योतक हैं कि अंग्रेज़ी को माध्यम बना कर भी ये व्यक्ति इस देश के आदर्श माने जाते हैं ! 
कोई भी भाषा अपने साथ सामाजिक व सांस्कृतिक मूल्य लिये होती है ! विभिन्न भाषाओं की जानकारी रखना, उन्हें स्वीकार कर लेना, उन्हें सम्मिलित कर लेना एक दिलेर व अमीर संस्कृति के गुण हैं ! शायद अंग्रेज़ी की यही फ़ितरत है कि यह आज वैश्विक भाषा है !
निज भाषा को उन्नति है सब उन्नति को मूल - भारतेन्दु जी के इन शब्दों पर मुझे जरा भी संदेह नहीं, पर उन्होंने कभी भी ऐसा नहीं कहा और न ही उनका कभी यह आशय रहा कि - पर भाषा को निन्दा है सब उन्नति को मूल !        

Popular Posts

Followers