स्पर्श ( लघु कहानी )



अरे , कितनी सुंदर शाल है स्वाति.... कहाँ ली ? तुम पर बहुत फब रही । ऑफिस पहुँचते ही स्वाति की सहयोगी लड़की ने पूछा । ये मेरे दोस्त .... कहते कहते स्वाति चुप हो गई । अजीब सी उदासी छा गई उसके चेहरे पे और वो अपनी सीट पर आकर बैठ गई । बीते लम्हें एक एक करके उसकी आँखों के सामने आने लगे । कितने खुश थे वो दोनों ... मातुल और वो .. ये शाल मातुल ने ही तो दी थी उसको जब एक लम्बे अंतराल के बाद वो मिले थे । उस सर्द सुबह कैसे भूल सकती है वो । मातुल ने ये शाल देती बार उससे कहा था - स्वाति , ये शाल कभी खुद से अलग न करना .. सम्भाल कर रखना इसे । जब भी इसे ओढ़ोगी इसकी गर्माहट तुम्हे मेरी दोस्ती और प्यार का स्पर्श महसूस करवाती रहेगी ।एक खुशनुमा समय बिता कर वो फिर अलग हो गये ये सोच कर कि जल्द ही फिर से मिलेंगे । पर किस्मत को कुछ और ही मंजूर था ।कुछ समय बाद मातुल की जिंदगी में ऐसा क्या हुआ की सब बदल गया ये स्वाति आज तक नही जान पाई थी । एक दिन मातुल का फोन आया - स्वाति , मैं बहुत बुरा हूँ । मुझे भूल जाओ । स्वाति की लाख मिन्नत करने के बाद भी उसने और कुछ नहीं कहा । उसकी आवाज़ में पसरी उदासी को स्वाति खूब महसूस करती थी । उससे बेहतर मातुल को और कौन जान सकता था । वो भी खामोश हो गई थी उस दिन से । पहले लफ्ज़ बोलते थे उनके बीच .. अब ख़ामोशी बोलती थी । कुछ रिश्तों का स्पर्श तन से नहीं मन से महसूस होता है शायद !!

सु..मन

नई चेतना (कहानी) --- सु..मन

धीरे धीरे पुल की ओर बढ़ते गौरी के कदम उसके मानस पटल पर पुरानी स्मृतियों को सामने ला रहे थे ।आकाश में बादल बस बरसने ही वाले थे और लगता मानो ये मेघ इस प्यासी धरती पर न्यौछावर होने को आतुर हैं पर..... गौरी वो तो बस चलती ही जा रही थी ।आज उसने पक्का निश्चय कर लिया था कि रोज की इस घुटन भरी जिन्दगी से मुक्ति पा लेगी खत्म कर देगी ये जिन्दगी से जद्दोजहद और बस सब शांत हो जायेगा हमेशा के लिये।
कुछ रोज हुए उसकी इकलौती सहारा उसकी माँ भी उसे तन्हा छोड़ कर दूसरी दुनिया में चली गई थी ,अब गौरी के जीवन में सिवा तन्हाई के कुछ भी न था पहाड़ सी लम्बी जिन्दगी वो किसके सहारे जीती ।वो एक छोटी सी फैक्टरी में काम करती थी कालेज के बाद अच्छे अंक होने के बावजूद पैसे के अभाव से वो आगे नहीं पढ़ सकी ।माँ बेचारी अपने बूढ़े तन से आजीविका का भार कब तक ढोती ।कई जगह धक्के खाने के बाद ये नौकरी उसे मिली थी तो अब माँ उसका साथ छोड़ गई थी ।जब तक माँ थी तो जो हाथ उसे आशीष के लिये उठते थे आज उन्ही लोगों की नजरों में हवस नजर आने लगी थी । समय सब कुछ बदल देता है करीबी से करीबी रिश्ता भी खोखला नजर आने लगता है । नीरज उसका सच्चा साथी भी अब उससे मुंह मोड़ने लगा था उसकी ऊंचे रुतबे की चाहत ने उसे गौरी से दूर कर दिया था ।
गौरी बहुत हौसले वाली थी परंतु जीवन में एक के बाद एक लगी ठोकर से वह टूट चुकी थी ।वो सब कुछ खत्म कर देना चाहती थी अपना अस्तित्व अपना वजूद ।अब तक वो पुल के पास पहुंच गई थी ।बारिश की नन्ही नन्ही बूंदे पड़नी शूरु हो गई थी खराब मौसम की वजह से सड़क पर आवाजाही भी कम थी ।ये पुल घर से नजदीक ही था अकसर वो अपने घर की खिड़की से पुल के नीचे से गुजरती इस शांत नदी को देखा करती थी मगर आज गौरी के मन की तरह ये भी अशांत थी।गौरी पुल के बीच में रूक कर कुछ क्षण नदी को देखती रही उसके चेहरे पर कई भाव आकर चले गए बस दो गीले मोती उस उसकी आँखों से निकल कर कहीं जज़्ब हो गए । उसके कदम उपर उठे तभी उसे एक स्वर सुनाई दिया , दीदी ! कहां जा रही हो मुझे भी साथ ले चलो ना.... आज मुझसे मिलने भी नहीं आई.......नाराज हो क्या ? तुम यहां क्यों खड़ी हो ? मुझे पता है तुम्हें बारिश बहुत पसन्द है पर तुम तो हमेशा मुझे भी साथ लाती हो भीगने के लिये । नन्हा मन न जाने कितने सवाल कर बैठा ।गौरी जो एक क्षण पहले अपनी जिन्दगी खत्म करने वाली थी आत्मग्लानी से भर गई कि वो अपनी परेशानी में नीशु को कैसे भूल गई ..नीशु एक अनाथ लड़की थी जो उसके पड़ोस में अपने चाचा के पास रहती थी जो अकसर नशे में चूर रहता था ।नीशु का ज्यादा समय गौरी के साथ बीतता था ।गौरी ने आगे बढ़कर नीशु को अपने सीने से लगाकर कहा,'मैं अब तुम्हें कभी अकेला छोड़ कर नहीं जाऊँगी ....मैं तुम्हारा सहारा बनूँगी...तुम्हें दूसरी गौरी नहीं बनने दूंगी ।नई चेतना के साथ बारिश की रिमझिम में गौरी के कदम नीशु को साथ लिये घर की ओर बढ़ने लगते हैं ……!!

ऐ क्षितिज !















ऐ क्षितिज !

जब लौट जायेंगे सब पाखी
अपने आशियाने की ओर 
और सूरज दबे पाँव धीरे धीरे 
रात के आगोश में चला जायेगा 
आधा चाँद जब दूर कहीं होगा 
चाँदनी के इन्तजार में 
मेघ हौले हौले सूरज को देंगे विदा 
तब तुमसे मिलने आऊंगा 
समा लूँगा तुमको अपने अंदर 
खुद तुममें समा जाऊँगा ....!!

तुम्हारा सागर ...



सु-मन 

ऐ बाबुल



बाबुल मोहे रहने दे
अपनी प्यारी बिटिया ही  
मत तोड़ मुझे डाली से
खिलने दे अपनी बगिया ही …….

बेटा बनकर तुझको संभालूं
बुढ़ापे का बनूँगी सहारा भी
कभी न छोडूंगी तेरा दामन
आँखें बन करुँगी उजियारा भी

बाबुल मोहे रहने दे
अपनी प्यारी बिटिया ही......

रिश्ते जहाँ में झूठे हैं सारे
नहीं और रिश्ता तुझसा कोई
क्यूँ कहें दुनिया मोहे ऐ बाबुल
बेटी जैसा बोझ ना दूजा कोई

बाबुल मोहे रहने दे
अपनी प्यारी बिटिया ही.....

माँ की लोरी याद है आती
वो मुझको सहलाती बाहें तेरी
पुकारे मुझको घर का आँगन
ये महकती हुई फुलवारी तेरी

बाबुल मोहे रहने दे
अपनी प्यारी बिटिया ही.......

बचपन में तूने थामा हाथ मेरा
अब तुझको ना गिरने दूंगी कभी
समय को बदलने दे अपने तेवर
तू डर मत मैं न बदलूंगी कभी

बाबुल मोहे रहने दे
अपनी प्यारी बिटिया ही.....

कभी ना भटकूंगी कर्म पथ पर
हर मुश्किल से लड़ लूंगी मैं भी
आशीष तेरा रहे सदा मुझ पर  
बस इतना कर्म करना तू भी


बाबुल मोहे रहने दे
अपनी प्यारी बिटिया ही
मत तोड़ मुझे डाली से
खिलने दे अपनी बगिया ही........!!
                                   


  सु ..मन 

दर्द










 ... कुछ रोज पहले ही
जिया था मैंने तुझको
अपनी साँसों को कर दिया था
नाम तेरे
मेरा दिल धड़कने लगा था
तेरी ही धड़कनों से
कर ही दिए थे बन्द
सभी दर-ओ-दीवार बेजारी के
बस तेरी ही महक से
कर लिया था सरोबार
वजूद अपना ।
जिस्म से उठती थी
इक खुशबू सौंधी सी
जो करा देती थी
तेरे होने का एहसास
हर बार-हर पल मुझको ।
हुआ यूँ भी
गए रोज ;
तड़पती रही साँसे
तेरी महक के लिए
धड़कनों के लिए
तरसती रहीं धड़कने मेरी |


इस बीच
न जाने कब से
आने लगी मौत
दबे पाँव करीब मेरे
बन गए हैं जिस्म पर
कुछ अनचाहे जख्म
रिसने लगी है
कड़वाहट हमारे रिश्ते की
जो कभी घुलती थी
‘
सबा’ बन मेरे जिस्म-ओ-जाँ में |


अब तो तैरते हैं
आँखों में 

गम के खारे बादल
जो बना ही लेते हैं राह
बरसने के लिए
रात की तन्हाई में
और फिर खामोश आँखें
पत्थरा जाती है
झरती हैं रात-रात भर 
निर्झर..........

                             
                                    सुमन कपूर 'मीत'

इक क़तरा जिंदगी का................

तू ही तू .....








तेरी रंगत यूँ बिखरी मेरी आँखों में है
तेरी सरगोशी मेरे उलझे रुखसारों में है
तेरा एहसास यूँ जज़्ब मेरे जर्रे जर्रे में है
तेरा नाम अब मेरे हाथों की लकीरों में है........

                              

                              सुमन ‘मीत’

Popular Posts

Followers